TRENDING TAGS :
Aligarh News: प्रमुख पूजा दिवाकर ने किया शुभारंभ, बनेंगी ब्यूटी एक्सपर्ट, रोजगार के खुलेंगे रास्ते
Aligarh News: अलीगढ़ में ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गांव की 50 महिलाएं ब्यूटी एक्सपर्ट बनकर रोजगार के नए अवसर पाएंगी।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: 18 अगस्त 2026 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ब्लॉक धनीपुर में एक नई पहल शुरू हुई है। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना के तहत सोमवार को ग्राम अलहदादपुर और भोजपुर की कुल 50 महिलाओं के लिए 15 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मा0 ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने फीता काटकर किया। यह प्रशिक्षण 1 सितंबर 2026 तक चलेगा और इस दौरान दोनों गांवों की 25-25 महिलाओं को ब्यूटी पार्लर से जुड़ी प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण का आयोजन खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के तत्वाधान में किया जा रहा है। शुभारंभ के मौके पर ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज का समय अवसरों का समय है और महिलाओं को स्वयं के लिए आगे बढ़कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छोटा सा हुनर भी बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकता है। ब्यूटी पार्लर का काम न सिर्फ घर बैठे आय का जरिया बनेगा, बल्कि इससे महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
मण्डलीय प्रशिक्षण केन्द्र अडिग, मथुरा के प्राचार्य सतेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षण के उद्देश्य और पाठ्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 दिनों में महिलाओं को फेशियल, हेयर कटिंग, मेकअप, मेहंदी, थ्रेडिंग और ग्राहक प्रबंधन जैसे सभी बुनियादी और आधुनिक कौशल सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण के अंत में प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा ताकि महिलाएं इसे रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए इस्तेमाल कर सकें।
कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ ऋण और किट उपलब्ध कराने में भी मदद करता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और सीखे हुए हुनर को अपने गांव में एक पहचान बनाएं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ऊषा देवी, कार्यक्रम समन्वयक अर्चना और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि पहले उन्हें इस तरह के प्रशिक्षण के लिए शहर जाना पड़ता था, अब गांव में ही सीखने का मौका मिला है। विशेषज्ञों का मानना है। कि इस तरह के लघु अवधि प्रशिक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देते हैं। 15 दिन का यह सत्र न सिर्फ 50 महिलाओं के जीवन में बदलाव लाएगा, बल्कि आने वाले समय में धनीपुर ब्लॉक में ब्यूटी एवं वेलनेस सेक्टर के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार करेगा। विभाग का लक्ष्य है। कि प्रशिक्षण के बाद इच्छुक महिलाओं को टूल किट और मार्केट लिंकेज में भी सहयोग दिया जाए, ताकि वे तुरंत काम शुरू कर सकें।


