TRENDING TAGS :
Aligarh News: रेलवे का लोहा चुराना पड़ा भारी, RPF ने 3 शातिर चोरों को दबोचा
Aligarh News: अलीगढ़-दाऊद खां स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से 20.5 मीटर सरकारी वायर बरामद, तीनों पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
रेलवे का लोहा चुराना पड़ा भारी, RPF ने 3 शातिर चोरों को दबोचा (Photo- Newstrack)
Aligarh News: रेलवे की संपत्ति पर हाथ साफ करने वाले चोरों के खिलाफ आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान आरपीएफ की टीम ने तीन शातिर चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों के पास से रेलवे का 20.5 मीटर सरकारी वायर बरामद हुआ है। मामला गांधी पार्क थाना इलाके के अलीगढ़-दाऊद खां स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक का है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ की टीम रात में ट्रैक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग रेलवे के सिग्नलिंग और इलेक्ट्रिक वायर को काटते हुए दिखाई दिए। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना पता छावनी बताया। उनके पास से कटा हुआ 20.5 मीटर रेलवे का सरकारी तार बरामद किया गया, जिसकी कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, वह पकड़े गए एक अभियुक्त के परिवार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अभियुक्त के दो सगे भाइयों की पहले ही ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है। दोनों भाई चलती ट्रेनों से यात्रियों के मोबाइल छीनने का काम करते थे। मोबाइल छीनने के दौरान ही हादसे का शिकार होकर दोनों की जान चली गई थी, लेकिन इसके बावजूद परिवार के तीसरे भाई ने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा और अब रेलवे वायर चोरी करते पकड़ा गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक और सिग्नल सिस्टम से छेड़छाड़ बेहद खतरनाक है। इससे बड़ा रेल हादसा भी हो सकता है। चोर मामूली पैसों के लालच में सरकारी संपत्ति चुराते हैं, लेकिन इससे ट्रेनों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
तीनों अभियुक्तों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। आरपीएफ ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और रेलवे संपत्ति की चोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से रेलवे में चोरी करने वाले गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है।


