TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में 8-10 जून तक 'सरकार आपके द्वार', 20 जगह लगेंगे शिविर
Aligarh News: केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर अलीगढ़ में 8 से 10 जून तक विशेष जनकल्याण शिविर लगेंगे, जहां योजनाओं का पंजीकरण और समस्याओं का समाधान होगा।
अलीगढ़ में 8-10 जून तक 'सरकार आपके द्वार', 20+ जगह लगेंगे शिविर (Photo- Newstrack)
Aligarh News: केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के जश्न में अलीगढ़ में जनता को बड़ी सौगात मिलेगी। 8 से 10 जून तक नगर निगम और जिले के सभी नगरीय निकायों में ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं के विशेष शिविर लगेंगे। मकसद साफ है - सरकारी योजनाओं का लाभ अब लाइन में नहीं, आपके दरवाजे पर।
अलीगढ़ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश पर ये तीन दिवसीय महाअभियान चलाया जाएगा। शिविरों में नगर निगम के अफसरों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यहां पात्र लोगों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण होगा, योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और जनसमस्याओं का तुरंत निपटारा किया जाएगा। फोकस स्वच्छता, जनजागरूकता और समयबद्ध समाधान पर रहेगा।
कब-कहां लगेंगे मुख्य शिविर
नगर निगम क्षेत्र में रोज एक बड़ा कैंप होगा। 8 जून को डोरी नगर प्रजापति धर्मशाला, 9 जून को सुरक्षाविहार पंचायत घर और 10 जून को चंदनियां मरघट आंबेडकर छात्रावास में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर चलेगा। आधार कार्ड, आयुष्मान, पेंशन, आवास जैसी केंद्र-राज्य की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही छत के नीचे मिलेगी।
सिर्फ शहर ही नहीं, पूरे जिले के निकायों में भी धूम मचेगी। अतरौली में कृष्णा एंड श्रीराम मेमोरियल वैदिक इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज और वीरांगना अबन्तीबाई इंटर कॉलेज में शिविर लगेगा। खैर नगर पालिका, जलाली-जट्टारी-पिसावा नगर पंचायत, गभाना, जवां, बरौली, बेसवां, विजयगढ़, हरदुआगंज, छर्रा, कौड़ियागंज, पिलखना, इगलास और मडराक के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जनता को लाभ मिलेगा।
स्वच्छ पर्यावरण को लेकर लोगों को किया जाएगा जागरूक
साथ ही शहर के सभी स्वच्छता सर्किलों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में कूड़ा निस्तारण और स्वच्छ पर्यावरण पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। नगर आयुक्त ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी कैंप तय समय पर लगें और एक भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।
अलीगढ़ नगर निगम ने अपील की है कि अलीगढ़वासी अपने नजदीकी शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।


