TRENDING TAGS :
Aligarh News: एसबीआई का स्मार्ट कृषि सम्मेलन, किसानों को मिला खेती से कमाई बढ़ाने का मंत्र
Aligarh News: एसबीआई के स्मार्ट कृषि सम्मेलन में किसानों को आधुनिक खेती, बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और कृषि व्यवसाय से आय बढ़ाने के प्रभावी उपाय बताए गए।
एसबीआई का स्मार्ट कृषि सम्मेलन, किसानों को मिला खेती से कमाई बढ़ाने का मंत्र (Photo- Newstrack)
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में किसानों को आधुनिक खेती, बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की ओर से अलीगढ़ में स्मार्ट कृषि ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया और खेती में अपनाए जा रहे नए प्रयोगों के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप महाप्रबंधक माता प्रसाद, मुख्य प्रबंधक विनीता राजपूत, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तम कुमार एवं मुख्य प्रबंधक ऋण राकेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अधिकारियों ने कहा कि एसबीआई किसानों का भरोसेमंद साथी बनकर उन्हें “किसान से उद्यमी” बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
उप महाप्रबंधक माता प्रसाद ने कहा कि बैंक का उद्देश्य सिर्फ ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कृषि आधुनिकीकरण, सूक्ष्म सिंचाई, डेयरी, बागवानी, सोलर ऊर्जा, कृषि व्यवसाय और कोल्ड स्टोरेज जैसी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता व मार्गदर्शन देना है। मुख्य प्रबंधक विनीता राजपूत ने किसानों से आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तम कुमार ने बैंक की विभिन्न कृषि योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पीएमएफएमई योजना, कृषि प्रसंस्करण और बायोमास आधारित आय बढ़ाने के अवसरों पर भी जानकारी दी गई। इस दौरान प्रगतिशील किसानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त उपायुक्त कृषि भारत सरकार विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि एसबीआई के सहयोग से पिसावा क्षेत्र में फूलों की खेती (गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी आदि) कर अच्छा लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।


