TRENDING TAGS :
Aligarh News: स्कूल में खेल महाकुंभ शुरू, SSP मुख्य अतिथि बने, स्कूलों के बच्चों ने दिखाया दमखम
Aligarh News: अलीगढ़ में स्कूल खेल महाकुंभ का जोरदार आगाज हुआ। कार्यक्रम में SSP मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता में 40 CBSE स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: 15 अक्टूबर 2026 विजडम पब्लिक स्कूल, रामघाट रोड, अलीगढ़ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य आगाज हुआ। सीनियर विंग में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद अलीगढ़ ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। स्कूल प्रबंधन द्वारा एसएसपी नीरज कुमार जादौन का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों ने आकर्षक मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में जनपद अलीगढ़ के लगभग 40 सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल सहित कई खेलों का आयोजन किया जाएगा। सैकड़ों विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। और जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, धैर्य, परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण तथा हार-जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने की भावना विकसित होती है। जीवन में जीत और हार दोनों ही आती हैं, लेकिन एक सच्चा खिलाड़ी कभी हार नहीं मानता। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा भविष्य में खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
अलीगढ एसएसपी ने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी उतना ही जरूरी है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर मैदान पर अधिक से अधिक समय बिताएं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना को जागृत करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक मौजूद रहे।


