Aligarh News: सेवा संकल्प से दिव्यांगजनों को मिली मदद, ट्राईसाइकिल से स्मार्ट केन तक उपकरण

Aligarh News: अलीगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 30 Sept 2026 5:39 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। बुधवार को अलीगढ़ जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित शिविरों में कुल 285 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे।

पहला शिविर रामलीला मैदान हरदुआगंज में बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह की मौजूदगी में आयोजित हुआ, जबकि दूसरा शिविर गठबंधन फार्म हाउस क्यामपुर मोड़ पर कोल विधायक अनिल पाराशर की उपस्थिति में लगा। दोनों जगह विधानसभा क्षेत्रवार जरूरतमंदों को उनकी जरूरत के हिसाब से उपकरण दिए गए।

शिविरों में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन, एमआर किट, सीपी चेयर समेत कई अन्य सहायक उपकरण बांटे गए। विधानसभा क्षेत्रवार बात करें तो अतरौली के 40, बरौली के 53, इगलास के 51, खैर के 26, कोल के 46, शहर के 32 सहित कुल 285 दिव्यांगजनों को लाभ मिला।

बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उनके घर के पास पहुंचाया जा रहा है। इससे उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचे और दिव्यांगजन आत्मनिर्भर होकर सम्मान के साथ जीवन जिएं।

लाभार्थियों ने बताया कि ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर मिलने से अब वे बिना किसी सहारे के बाहर निकल सकेंगे। श्रवण यंत्र पाने वाले बुजुर्ग दिव्यांगजनों ने कहा कि अब वे साफ सुन सकेंगे। स्मार्ट केन मिलने से दृष्टिबाधितों को चलने में आसानी होगी। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मकसद दिव्यांगजनों की गतिशीलता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। जिले में इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story