TRENDING TAGS :
Aligarh News: एसआईआर लापरवाही पर 10 बीएलओ को नोटिस, जवाब तलब
Aligarh News: छर्रा विधानसभा क्षेत्र में 17 से 23 नवंबर तक 10 बूथों पर फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग शून्य मिली। प्रशासन ने दो कार्य दिवस में स्पष्टीकरण मांगा।
एसआईआर लापरवाही पर 10 बीएलओ को नोटिस, जवाब तलब (Photo- Social Media)
Aligarh News: मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विधानसभा क्षेत्र 74-छर्रा में निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे 10 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी से दो कार्य दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जा रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए गए थे, जिनमें प्राप्त फॉर्म-6 का सत्यापन करने के साथ बीएलओ ऐप के माध्यम से उनकी ऑनलाइन फीडिंग की जानी थी।
अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय एवं विधानसभा क्षेत्र 74-छर्रा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने 23 नवंबर को निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सामने आया कि विशेष अभियान दिवसों में प्राप्त फॉर्म-6 के सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग के कार्य में संबंधित बीएलओ ने लापरवाही बरती। समीक्षा में 17 नवंबर से 23 नवंबर की रात 11 बजे तक संबंधित 10 बूथों पर फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग की संख्या शून्य पाई गई।
इस स्थिति पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर लापरवाही और उदासीनता माना। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित बीएलओ को दूरभाष और व्हाट्सएप के माध्यम से कई बार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
प्रशासन ने सभी 10 बीएलओ को दो कार्य दिवस के भीतर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया या जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो संबंधित कर्मचारियों का व्यक्तिगत उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 और निर्वाचन संबंधी अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
डिप्टी डीईओ सौरभ भट्ट ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भारत निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


