Aligarh News: आधी रात दादों थाने पहुंचे एसपी ग्रामीण, परखी पुलिस, जवानों संग भोजन कर बढ़ाया हौसला

Aligarh News: अलीगढ़ में एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने आधी रात दादों थाने का निरीक्षण किया और जवानों संग भोजन कर हौसला बढ़ाया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 12 Sept 2026 7:56 AM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: पुलिस की रात्रिकालीन सक्रियता और अनुशासन को परखने के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने एक बार फिर औचक निरीक्षण का रास्ता अपनाया। इस बार उनका निशाना बना जनपद का थाना दादों। आज दिनांक 11.09.2026 की रात्रि मे एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र अचानक थाना दादों पहुंच गए, जिससे थाने पर मौजूद पुलिस स्टाफ में हड़कंप मच गया।

अलीगढ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के थाने पहुंचते ही निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई। उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और अभिलेखों का जायजा लिया। थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने संतोष जताया, साथ ही कुछ कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था से संबंधित रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम था रात्रि गणना और ब्रीफिंग। एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने थाने पर तैनात समस्त अधिकारी/कर्मचारियों की रात्रि गणना ली। एक-एक पुलिसकर्मी की उपस्थिति चेक की गई। गणना के दौरान सभी पुलिसकर्मी चुस्त-दुरुस्त वर्दी में मुस्तैद मिले। इसके बाद उन्होंने सभी जवानों को रात्रि ड्यूटी के संबंध में ब्रीफ किया।

ब्रीफिंग में एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि रात के समय पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। रात्रि गश्त को पूरी सतर्कता के साथ किया जाए। हाईवे, बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप और सुनसान इलाकों में लगातार गश्त बनी रहे। संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। आम जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी के दौरान मोबाइल में व्यस्त रहने की बजाय फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

इस औचक निरीक्षण का सबसे मानवीय और प्रेरणादायक पहलू अंत में देखने को मिला। ब्रीफिंग के बाद एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने कोई औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि थाने के मैस में ही समस्त अधिकारी/कर्मचारियों के साथ जमीन पर बैठकर रात्रि का भोजन किया। भोजन के दौरान उन्होंने जवानों से सीधा संवाद स्थापित किया। उनकी व्यक्तिगत और ड्यूटी संबंधी समस्याओं को सुना और टीम भावना के साथ मिलजुल कर काम करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ग्रामीण के इस व्यवहार से जवानों का मनोबल काफी बढ़ा।

एक उच्च अधिकारी का इस तरह जवानों के साथ बैठकर भोजन करना पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह दर्शाता है। कि अलीगढ़ पुलिस नेतृत्व केवल आदेश देना नहीं, बल्कि अपने बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह और थाना प्रभारी दादों भी मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story