Aligarh News: एसएसपी की जनसुनवाई, 107 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Aligarh News: अलीगढ़ एसएसपी ने जनसुनवाई में 107 शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए, लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 24 Aug 2026 7:19 PM IST
SSP public hearing, directs immediate action on 107 complaints
X

एसएसपी की जनसुनवाई, 107 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश (Photo- Newstrack)

Aligarh News: जनपद में आम जनता की समस्याओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय पर विशाल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में जिले भर से आए फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां कप्तान ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं।

पुलिस कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई में अलीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के साथ पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल , पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र और प्रभारी जनशिकायत प्रकोष्ठ मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कुल 107 शिकायतों को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई के दौरान जमीन विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न, चोरी और पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतें सबसे ज्यादा सामने आईं। कई फरियादी दूर-दराज के थाना क्षेत्रों से अपनी फरियाद लेकर एसएसपी के दरबार में पहुंचे थे। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से बात की, उनके प्रार्थना पत्रों को पढ़ा और संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही फोन कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं

अलीगढ़ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं है। हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन पर तत्काल जांच कर विधिक कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायतों को लंबित रखने की बात सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना है।

जनशिकायत प्रकोष्ठ को सभी 107 प्रार्थना पत्रों को रजिस्टर में दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की रिपोर्ट एसएसपी कार्यालय को भेजनी होगी।

इस जनसुनवाई से फरियादियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। कई शिकायतकर्ताओं ने बताया कि थाने पर सुनवाई न होने के बाद उन्हें एसएसपी कार्यालय से ही न्याय की उम्मीद है। और आज कप्तान साहब ने उनकी बात ध्यान से सुनी है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story