TRENDING TAGS :
Aligarh News: एसएसपी ने किया परेड का निरीक्षण, नुशासन, टर्नआउट और कार्यप्रणाली का लिया जायजा
Aligarh News: अलीगढ़ में एसएसपी ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया। अनुशासन, टर्नआउट और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को नवीन रिजर्व पुलिस लाइन छेरत में आयोजित शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने परेड की सलामी लेकर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, टर्नआउट और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर अनुशासन बनाए रखने और शारीरिक रूप से फिट रहने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों को लगवाई दौड़
परेड निरीक्षण के बाद पुलिसकर्मियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही टोलीवार ड्रिल कराकर परेड में एकरूपता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट और सज्जा की भी गहन जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सरकारी वाहनों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की हुई जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान परेड में मौजूद सभी सरकारी वाहनों की भी जांच की गई। इस दौरान विशेष रूप से दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता, उनके रखरखाव और इस्तेमाल को लेकर जानकारी ली गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उपकरणों को पूरी तरह तैयार और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैरक, भोजनालय और प्रशिक्षण परिसर का भी लिया जायजा
शुक्रवार परेड में जनपद के विभिन्न थानों, कार्यालयों, शाखाओं और पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी शामिल रहे। परेड के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर स्थित बैरक, भोजनालय, क्लासरूम, स्टोर रूम और प्रशिक्षण परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
परेड के उपरांत आदेश कक्ष में एसएसपी द्वारा संबंधित पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम भी लिया गया। इस दौरान गार्द रजिस्टरों की जांच की गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गार्द कमांडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए लंबित प्रकरणों के जल्द निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
कई अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अनुभव त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


