Aligarh News: अलीगढ़ में छात्राओं की पोस्ट से जागा प्रशासन, 750 मीटर सड़क अब सुधरेगी

Aligarh News: अलीगढ़ में छात्राओं ने X पर जर्जर सड़क की तस्वीरें साझा कीं तो डीएम ने तुरंत टीम भेजी। 750 मीटर मार्ग अब जिला पंचायत की योजना से सुधरेगा और जल्द काम शुरू होगा।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Aug 2026 6:57 PM IST
students x post in Aligarh, 750 meters road
X

अलीगढ़ में छात्राओं की पोस्ट से जागा प्रशासन, 750 मीटर सड़क अब सुधरेगी (Photo- Newstrack)

Aligarh News: सोशल मीडिया की ताकत का सबसे बड़ा उदाहरण अलीगढ़ में देखने को मिला है। जहाँ अक्सर फरियादें फाइलों में दब जाती हैं, वहीं दो छात्राओं के एक X पोस्ट ने पूरे सिस्टम को दौड़ा दिया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विद्यार्थियों की पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेते हुए ऐसा एक्शन लिया कि अब 750 मीटर लंबे जर्जर मार्ग के दिन सुधरने वाले हैं।

मामला गोंडा ब्लॉक का है। ग्राम पंचायत डेटा जलालपुर के मजरा भांगरा की रहने वाली दो छात्राएं नेहा शर्मा पुत्री अमित कुमार शर्मा और मासूम शर्मा पुत्र मुरारी शर्मा रोजाना इसी टूटे-फूटे रास्ते से मथुरा जनपद के टेटी गांव स्थित बृजवासी एकेडमी सेकेंड्री स्कूल पढ़ने जाती हैं। बारिश में कीचड़ और गड्ढों से भरा यह 750 मीटर का मार्ग उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। परेशान होकर छात्राओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सड़क की बदहाली की तस्वीरें साझा कर प्रशासन से गुहार लगाई।

पोस्ट को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गंभीरता से लिया

छात्राओं की इस पोस्ट को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गंभीरता से लिया। उन्होंने फौरन खंड विकास अधिकारी, गोंडा को संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा। टीम ने गोंडा-गोरई रोड से डेटा जलालपुर होते हुए लोहई संपर्क मार्ग, अलीगढ़ सीमा तक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

निरीक्षण में पुष्टि हुई कि लगभग 750 मीटर लंबा मार्ग पूरी तरह से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई गिट्टियां और जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं के साथ-साथ किसानों और आम ग्रामीणों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग न सिर्फ स्कूल जाने वाला रास्ता है, बल्कि कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग भी है।

सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि प्रशासन ने सिर्फ निरीक्षण कर खानापूर्ति नहीं की। टीम ने स्पष्ट किया कि इस जर्जर मार्ग को जिला पंचायत की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में पहले ही सम्मिलित कर लिया गया है। यह मार्ग लेपन मार्गों की श्रेणी में क्रम संख्या 13 पर अंकित है। इसका मतलब है। कि अब इसके निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है और जल्द ही बजट आवंटन के बाद काम शुरू हो जाएगा।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने इस मामले पर कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से जनहित की समस्या संज्ञान में आते ही उसका गंभीरता से परीक्षण कराकर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। विद्यार्थियों की शिक्षा में बाधा बनने वाली हर अड़चन को दूर करना हमारी जिम्मेदारी है।"

अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार की इस त्वरित कार्रवाई से डेटा जलालपुर और आसपास के गांवों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है। कि पहली बार ऐसा हुआ है। कि एक पोस्ट पर इतनी तेजी से कार्रवाई हुई है। इस कदम से यह संदेश गया है। कि जिला प्रशासन अब फाइलों से निकलकर सोशल मीडिया पर भी जनता की नब्ज पर हाथ रखे हुए है। और संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story