Aligarh News: अलीगढ़ में पुरानी रंजिश पर खूनी संघर्ष, दो पक्षों के तीन घायल

Aligarh News: अलीगढ़ के तालसपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। संघर्ष में तीन लोग घायल हुए, पुलिस जांच में जुटी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 1 Jun 2026 8:33 AM IST (Updated on: 1 Jun 2026 12:05 PM IST)
Bloody clash over old Ranjish in Aligarh, three sides injured
X

अलीगढ़ में पुरानी रंजिश पर खूनी संघर्ष, दो पक्षों के तीन घायल (Photo- Newstrack)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के रोरावर थाना क्षेत्र के तालसपुर गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालसपुर निवासी दीनू और मतीन पक्ष के बीच लंबे समय से जमीनी व आपसी विवाद चला आ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों परिवारों में पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। वहीं रविवार रात करीब 8 बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल आए। मारपीट में एक पक्ष के मोइन को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे पक्ष के मतीन और मम्मन भी लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

सूचना मिलते ही थाना रोरावर पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंची। पुलिस ने हालात को काबू में कर तीनों घायलों को तत्काल जिला मलखान सिंह अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

पुलिस ने दी जानकारी

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना प्रभारी वी.डी. पाण्डेय ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के समय कुछ लोग शराब के नशे में थे। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मेडिकल कराया गया है।

फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। गांव के बुजुर्गों से भी अपील की गई है कि वे आपसी विवाद सुलझाने में सहयोग करें, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

ashutosh
ABOUT THE AUTHOR

ashutosh

Next Story