Aligarh News: चौथे सोमवार पर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों की नो-एंट्री, कई रूट डायवर्ट

Aligarh News: चौथे सोमवार पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते अलीगढ़ में कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी और ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। सुरक्षा के चलते कई रूटों पर वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 21 Aug 2026 7:38 PM IST
Aligarh News: चौथे सोमवार पर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों की नो-एंट्री, कई रूट डायवर्ट
X

Aligarh News: श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक जिले में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। खैरेश्वर चौराहा, नादा पुल, सारसौल, क्वार्सी और शहर की ओर आने वाले कई मार्गों पर भारी एवं कामर्शियल वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

दिल्ली और खुर्जा की ओर से आने वाले भारी वाहन खैरेश्वर चौराहे की तरफ नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को टोल गभाना से दौरऊ मोड़, खैर, गौमत, जट्टारी और यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एटा-कानपुर जाने वाले वाहन खैर, इगलास, सासनी और सिकंदराराऊ होकर जा सकेंगे।

खैर-टप्पल की तरफ से शहर आने वाले भारी वाहनों को भी खैरेश्वर चौराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें खैर से गोंडा, इगलास और सोमना की ओर भेजा जाएगा। हल्के वाहनों के लिए मूसेमऊ, जिरौली मोड़ और हरिदासपुर तिराहे से जीटी रोड की ओर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

मथुरा-इगलास की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गंदानाला स्थित पुराने बाईपास से वन चेतना केंद्र मडराक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सासनीगेट की तरफ प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें एनएच-34 से भेजा जाएगा।

रामघाट रोड पर अतरौली से आने वाले भारी वाहनों को क्वार्सी की ओर रोककर छर्रा, गंगीरी, अकराबाद, कासगंज अथवा गोधा, छतारी और डिबाई की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

बुलंदशहर-डिबाई से आने वाले भारी वाहन सुमेरा झाल से बरौली होते हुए गभाना की ओर जा सकेंगे।सारसौल चौराहे से नादा पुल और खैरेश्वर की ओर सभी भारी एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को भांकरी और नए बाईपास से निकाला जाएगा।

रोडवेज और निजी बसों पर भी असर

बोनेर तिराहा, कमालपुर, आगरा चेंजर, मथुरा चेंजर, खैरेश्वर चौराहा और भांकरी से रोडवेज बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बसें बाईपास से होकर चलेंगी। इगलास जाने वाली निजी बसें गंदानाला पेट्रोल पंप चौराहे, सासनी की बसें वन चेतना केंद्र तिराहे और खैर की बसें हरिदासपुर तिराहे से संचालित होंगी।

अलीगढ़ सारसौल से नादा पुल होते हुए खैरेश्वर मंदिर, एटा चुंगी से दुबे पड़ाव-कंपनी बाग तथा हरिदासपुर कट से खैरेश्वर चौराहे तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story