TRENDING TAGS :
Aligarh News: सड़क किनारे मिला मोबाइल, यूपी-112 की ईमानदारी ने लौटाई मालिक की मुस्कान
Aligarh News: अतरौली क्षेत्र में सड़क किनारे मिला मोबाइल यूपी-112 पुलिस ने खोजबीन कर मालिक को लौटाया, मोबाइल कवर में रखी नकदी भी सुरक्षित वापस की।
सड़क किनारे मिला मोबाइल, यूपी-112 की ईमानदारी ने लौटाई मालिक की मुस्कान (Photo- Newstrack)
Aligarh News: यूपी-112 की तत्परता, ईमानदारी और जनसेवा का एक और सराहनीय उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला, जब पीआरवी-8707 के पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे पड़ा मिला मोबाइल फोन उसके वास्तविक स्वामी तक सुरक्षित पहुंचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार पीआरवी-8707 थाना अतरौली के पुलिसकर्मी एक इवेंट से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कासिमपुर बंबा के पास सड़क किनारे एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोबाइल की जांच की तो उसके कवर में अनाज मंडी अतरौली से मक्का बिक्री संबंधी एक पर्ची मिली। इसी सुराग के आधार पर मोबाइल स्वामी का पता लगाने का प्रयास शुरू किया गया।
मोबाइल कवर में रखी नकदी भी वापस
हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल राहुल पाठक एवं होमगार्ड सोनू कुमार ने सी-प्लान एप के माध्यम से संबंधित गांव के लोगों से संपर्क किया। इसी बीच मोबाइल पर कॉल आने पर पुलिसकर्मियों ने कॉल करने वाले व्यक्ति को सूचना दी कि उनका मोबाइल सुरक्षित मिल गया है।
सूचना मिलते ही मोबाइल स्वामी कमल सिंह पुत्र बाबू सिंह निवासी ग्राम जरगमा, थाना रामघाट, जनपद बुलंदशहर मौके पर पहुंचे। पहचान सत्यापित करने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें उनका मोबाइल फोन तथा मोबाइल कवर में रखी नकदी भी सुरक्षित वापस सौंप दी।
मोबाइल वापस मिलने पर कमल सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने तथा आसपास मौजूद लोगों ने यूपी-112 पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना की जमकर प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।


