अलीगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, 18 साल के युवाओं को मिलेगा वोटर बनने का मौका

Aligarh News: अलीगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज हो गया है। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर बीएलओ मिलेंगे, जहां नाम जुड़वाने और गलतियां सुधारने की सुविधा मिलेगी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Nov 2026 3:50 PM IST
अलीगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, 18 साल के युवाओं को मिलेगा वोटर बनने का मौका
X

अविनाश कुमार, जिलाधिकारी अलीगढ़

Aligarh News: जिले में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। जिला प्रशासन ने इस अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने खासतौर पर युवाओं से अपील की है कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवक-युवतियां अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना बेहद जरूरी है।

अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि आगामी 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फार्म-6 भरना होगा। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे भी इस फार्म के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन वोटर सर्विस पोर्टल के साथ-साथ ऑफलाइन भी उपलब्ध है। इच्छुक नागरिक अपना आवेदन भरकर संबंधित बूथ के बीएलओ को दे सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की गलती होने पर फार्म-8 भरकर संशोधन कराया जा सकता है। वहीं, किसी मतदाता की मृत्यु हो जाने या अन्य पात्र कारणों से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करना और किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर करना है।

चार दिन बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 21 नवंबर, 22 नवंबर, 28 नवंबर और 29 नवंबर 2026 को बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। इन तारीखों पर नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकेंगे। नया नाम जुड़वाने, नाम-पते में संशोधन कराने और अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए निर्धारित फार्म भी जमा कर सकेंगे।

युवाओं से विशेष अपील

अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए आगे आना चाहिए। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी भी है। युवा वर्ग की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य गंभीरता से करें और पात्र मतदाताओं को किसी भी स्थिति में छूटने न दें।

अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। ऑनलाइन आवेदन और नाम की जांच वोटर सर्विस पोर्टल तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि अलीगढ़ में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story