TRENDING TAGS :
अलीगढ़ में मतदाता सूची की होगी जांच, राजनीतिक दलों को प्रशासन ने सौंपीं पांच तरह की सूचियां
Aligarh News: अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची की जांच के लिए प्रशासन ने राजनीतिक दलों को पांच प्रकार की सूचियां सौंपी हैं। जानिए किस फॉर्म में क्या जानकारी मिलेगी।
Aligarh News: विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने, मतदाता विवरण में संशोधन और निवास स्थान परिवर्तन से संबंधित आवेदनों की जांच में राजनीतिक दलों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके लिए जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दावे एवं आपत्तियों से संबंधित पांच प्रकार की सूचियां उपलब्ध कराई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जिले की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में प्रतिनिधियों को फॉर्म-9, फॉर्म-10, फॉर्म-11, फॉर्म-11ए और फॉर्म-11बी की सूचियां सौंपी गईं। इन सूचियों के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मतदाता सूची में नाम शामिल करने, नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन और मतदाता के निवास स्थान परिवर्तन के लिए प्राप्त आवेदनों का अवलोकन कर सकेंगे।
निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-9 में मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 के आवेदनों का विवरण दिया जाता है। फॉर्म-10 में किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने पर आपत्ति से संबंधित फॉर्म-7 के आवेदनों की जानकारी रहती है। वहीं फॉर्म-11 में मतदाता सूची में दर्ज नाम या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्म-8 के आवेदनों की सूची होती है।
इसी तरह फॉर्म-11ए में एक ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत एक स्थान से दूसरे स्थान पर निवास परिवर्तन के लिए प्राप्त आवेदनों का विवरण रहता है, जबकि फॉर्म-11बी में एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में निवास स्थान बदलने से संबंधित आवेदनों की जानकारी उपलब्ध होती है।
इन पांचों सूचियों को राजनीतिक दलों के साथ साझा करने का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विसंगति को समय रहते सामने लाना है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सूचियों का परीक्षण कर संदिग्ध या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दे सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि को नियमानुसार जांच के बाद ठीक किया जा सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता से पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी। साथ ही पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाने और मतदाता सूची में मौजूद संभावित त्रुटियों को दूर करने में भी मदद मिलेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा निर्वाचन निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए।


