26 नवंबर को अलीगढ़ में संविधान दिवस की धूम, सभी स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में होंगे कार्यक्रम

Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस पर सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 24 Nov 2026 5:18 PM IST
26 नवंबर को अलीगढ़ में संविधान दिवस की धूम, सभी स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में होंगे कार्यक्रम
X

Aligarh News: जिले में 26 नवंबर को संविधान दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और सरकारी कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। साथ ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने की प्रेरणा भी देता है।

अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि संविधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक परंपराओं और अपने संवैधानिक दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करता है। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों तथा मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। संविधान में दिए गए आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

अलीगढ मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के योगदान और भारतीय लोकतंत्र की विशेषताओं की जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भाषण, निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को भी अपने-अपने कार्यालयों में संविधान दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे तथा संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करेंगे। कार्यक्रमों में अधिक से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

प्रशासन की ओर से जनपदवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और सरकारी कर्मचारियों से 26 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की गई है। संविधान में निहित समानता, सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ ही नागरिकों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करना है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story