Aligarh में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का समापन, रजनी दिलेर बोलीं- खादी श्रम और हुनर का सम्मान

Aligarh News: अलीगढ़ के शिल्पग्राम में दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग एवं माटी कला प्रदर्शनी का समापन हुआ। उत्कृष्ट दुकानदारों और उद्यमियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 29 Nov 2026 4:58 PM IST
Aligarh में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का समापन, रजनी दिलेर बोलीं- खादी श्रम और हुनर का सम्मान
X

Aligarh News: नुमाइश मैदान स्थित शिल्पग्राम में आयोजित दस दिवसीय मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग एवं माटी कला प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व राज्य मंत्री की माता रजनी दिलेर और मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार शामिल हुए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुकानदारों और उद्यमियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि रजनी दिलेर ने कहा कि खादी पहनना केवल स्वदेशी को अपनाना नहीं, बल्कि मेहनतकश कारीगरों के श्रम, हुनर और स्वाभिमान का सम्मान करना है। इस प्रदर्शनी में विभिन्न प्रदेशों और जनपदों से आए उद्यमियों एवं शिल्पकारों ने खादी वस्त्रों, ग्रामोद्योग और माटी कला के आकर्षक उत्पादों के स्टॉल लगाए। दस दिनों तक लोगों ने जमकर खरीदारी की, जिससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिला। उन्होंने कहा कि खादी अब केवल परंपरागत परिधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक डिजाइन और शुद्ध कॉटन के चलते युवा पीढ़ी के बीच भी लोकप्रिय हो रही है। खादी एवं ग्रामोद्योग के क्षेत्र में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला उद्यमी बनना चाहिए।


अलीगढ मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने कहा कि खादी को आधुनिक स्वरूप देकर युवाओं से जोड़ना समय की जरूरत है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ छोटे उद्यमियों और कारीगरों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। खादी एवं ग्रामोद्योग आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आमजन से खादी और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजीदा बेगम ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार भूपेंद्र सिंह सरकोरिया, मोहनपुर हाथरस को 15 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार अंशु शर्मा, कुठिया लायकपुर एटा को 12 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार पंकज कुमार, देवरी प्रहलादपुर कासगंज को 10 हजार रुपये प्रदान किए गए।

समारोह में सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने दुकानदारों को समर्पित फिल्मी गीत प्रस्तुत किए, जबकि डॉ. अजय वर्धन आचार्य के कविता पाठ को दर्शकों ने खूब सराहा। मोहसिन चौधरी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। कनिष्का, आरुष, हिमांशी, मयंक, अंशिका, आरोही, हिमांश, वैष्णव, उन्नति, दिव्य, भंवरिका, नीतीश वार्ष्णेय और युग वार्ष्णेय ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए।

प्रदर्शनी में सर्वोदय खादी आश्रम छर्रा, अरिदमन सेवा आश्रम, सेवा सदन खादी आश्रम, क्षेत्रीय गांधी आश्रम अलीगढ़, शास्त्री खादी ग्रामोद्योग एटा, मां वैष्णो सेवा संस्थान फिरोजाबाद, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, महिला बुनकर संगठनों, कश्मीर हैंडलूम, राजस्थान हैंडीक्राफ्ट्स सहित अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मथुरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और अन्य राज्यों से आए दुकानदारों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story