TRENDING TAGS :
अलीगढ़ में भिक्षावृत्ति करते मिले दो नाबालिग, एएचटी टीम ने रेस्क्यू कर बाल गृह भेजा
Aligarh News: अलीगढ़ में भिक्षावृत्ति करते मिले दो नाबालिग बच्चों को एएचटी पुलिस ने रेस्क्यू किया। दोनों को चाइल्ड लाइन के जरिए नवजीवन बाल गृह, तालानगरी भेजा गया।
Aligarh News: जिले में बाल भिक्षावृत्ति पर अंकुश लगाने और नाबालिग बच्चों को शोषण से बचाने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने भिक्षावृत्ति की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। दोनों बच्चों को आवश्यक कार्रवाई के बाद चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। चाइल्ड लाइन की टीम ने बच्चों को नवजीवन बाल गृह, तालानगरी भेज दिया है।
अलीगढ पुलिस के अनुसार महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर प्रदेशभर में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन, बालश्रम की रोकथाम और बाल विवाह पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग अलीगढ़ की पुलिस टीम को शहर में नाबालिग बच्चों से भिक्षावृत्ति कराए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएचटी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने रेलवे स्टेशन अलीगढ़ के सामने सड़क पर पहुंचकर अभियान चलाया। इसके साथ ही हाथरस अड्डे पर भी जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान पुलिस टीम को दो नाबालिग बच्चे भिक्षावृत्ति करते मिले। टीम ने दोनों बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में लिया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया। चाइल्ड लाइन की ओर से बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के मद्देनजर उन्हें नवजीवन बाल गृह, तालानगरी जनपद अलीगढ़ भेजा गया। यहां बच्चों की देखरेख और आवश्यक संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना एएचटी के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल आकाश चौधरी शामिल रहे।
अलीगढ पुलिस का कहना है कि बाल भिक्षावृत्ति, बालश्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं कोई नाबालिग बच्चा भिक्षावृत्ति करता दिखाई दे या उससे जबरन काम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना संबंधित पुलिस अथवा बाल संरक्षण इकाई को दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित संरक्षण दिलाया जा सके।


