TRENDING TAGS :
Aligarh News:-मतदाता सूची में नाम छूटने न पाए, DM ने बूथों पर पहुंचकर लिया पुनरीक्षण अभियान का जायजा
Aligarh News: अलीगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के बीच डीएम ने बूथों का निरीक्षण किया। मृतक और शिफ्टेड मतदाताओं के नामों के सत्यापन के लिए दिए खास निर्देश।
Aligarh News: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिलेभर के मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति, बीएलओ की उपस्थिति और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराने के लिए गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने परिवारों में छूटे सदस्यों, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और शादी के बाद संबंधित क्षेत्र में निवास करने वाली पात्र महिलाओं के नाम प्राथमिकता से मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। इसके लिए पात्र लोगों से फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मृतक और दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के रूप में दर्ज नामों को लेकर भी डीएम अविनाश कुमार ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं की सूची लेकर बीएलओ दोबारा घर-घर जाकर सत्यापन करें। यदि जांच में कोई पात्र मतदाता छूटा हुआ मिलता है तो नियमानुसार उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। एसआईआर के दौरान हटाए गए नामों और बाद में प्राप्त फॉर्म-6 व फॉर्म-8 का मिलान भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से सूची से बाहर न रहे।
मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जाएगा। जिन मतदाताओं की फोटो धुंधली या अस्पष्ट है, उनसे संपर्क कर स्पष्ट फोटो अपलोड कराने के निर्देश भी दिए गए। डीएम अविनाश कुमार ने बीएलओ ऐप के संचालन और मतदान केंद्रों पर बनाए गए हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां निर्वाचन संबंधी सभी प्रपत्र और अद्यतन जानकारी उपलब्ध रखने को कहा।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि आगामी 28 और 29 नवंबर को भी विशेष बूथ दिवस आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच लें। नाम छूटने पर फॉर्म-6 तथा विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पारदर्शी और अद्यतन होना निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है।


