Aligarh News: “हार नहीं मानी, यूपी जीत लिया: अलीगढ़ की वंदना सिंह बनीं बीएड प्रवेश परीक्षा की टॉपर”

Aligarh News: अलीगढ़ की वंदना सिंह ने संघर्ष और मेहनत के दम पर यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Jun 2026 6:25 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जनपद ताले और तालीम की नगरी अलीगढ़ ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के घोषित परिणाम में अलीगढ़ की बेटी वंदना सिंह ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन कर दिया, जबकि अलीगढ़ के ही नितिन पचौरी ने दूसरी रैंक हासिल कर शहर को दोहरी खुशी दी है।

एटा चुंगी स्थित विकास नगर निवासी वंदना सिंह ने लगभग 89.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। खास बात यह है कि वंदना ने वर्ष 2025 में भी बीएड प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन अपेक्षित सफलता न मिलने पर उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर 2026 में दोबारा परीक्षा देकर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर मिसाल कायम कर दी।


वंदना ने अपनी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा महर्षि विद्या मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद डीएस डिग्री कॉलेज, अलीगढ़ से स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई पूरी की। परिणाम घोषित होते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

वंदना के पिता भीके सिंह कुशवाह लेखपाल पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता केला देवी गृहिणी हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। वंदना की इस सफलता ने साबित कर दिया कि असफलता अंत नहीं, बल्कि बड़ी सफलता की शुरुआत होती है। अलीगढ़ की इस बेटी की उपलब्धि आज पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story