Aligarh News: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28-29 नवंबर को अभियान

Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग, आठ दिनों में मिले 32,648 फार्म-6, 2,655 फार्म-7 और 2,953 फार्म-8, सभी बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 25 Nov 2026 4:52 PM IST
Aligarh News: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28-29 नवंबर को अभियान
X

Aligarh News: मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने राजनीतिक दलों से भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों की भी है। सभी दल अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।

बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। वहीं, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में मौजूद त्रुटियों को नियमानुसार दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा, जिससे पुनरीक्षण कार्य में बेहतर समन्वय और पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में एडीएम सिटी संगीता देवी ने आठ दिनों में प्राप्त आवेदनों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 17 से 24 नवंबर तक जिले में नाम जुड़वाने के लिए कुल 32,648 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में खैर से 4,509, बरौली से 4,593, अतरौली से 3,709, छर्रा से 4,600, कोल से 5,243, शहर से 5,011 और इगलास से 4,983 आवेदन शामिल हैं। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए 2,655 फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए 2,953 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं।

28 और 29 नवंबर को बूथों पर मिलेगा मौका

अलीगढ एडीएम सिटी ने बताया कि आगामी 28 और 29 नवंबर को शनिवार एवं रविवार के दिन विशेष बूथ दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में जिले के सभी बूथों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी आवश्यक फार्म एवं मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक बूथ पर पहुंचकर नाम जुड़वाने, अपमार्जन और संशोधन के लिए फार्म-6, 7 और 8 भर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

बैठक में बताया गया कि जिले का वर्तमान ईपीआईसी रेशियो 51.50 प्रतिशत है, जिसमें लगभग आठ प्रतिशत तक वृद्धि की संभावना है। डीएम अविनाश कुमार ने विशेष रूप से जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं, खासकर नवविवाहित महिलाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बीएलओ का मार्गदर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण से बूथ पर फार्म उपलब्ध नहीं होते हैं तो बीएलओ एप के माध्यम से भी आवेदन भरवाने की व्यवस्था की जाए। जिले में कुल 1,642 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 3,222 मतदेय स्थल हैं, जहां पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती की गई है।

बैठक में भाजपा से उदयवीर सिंह लोधी, कांग्रेस से मुस्तफा जैदी, सपा से मोहम्मद शाकिर अंसारी, सीपीएम से इदरीस मोहम्मद और बसपा से बिजेंद्र सिंह विक्रम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निर्वाचन कार्यालय से एडीईओ विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story