TRENDING TAGS :
Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर में सीएम योगी ने बांटे चेक और प्रमाण पत्र, लाभार्थियों के खिले चेहरे
Ambedkar Nagar News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अम्बेडकरनगर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और आवास की सांकेतिक चाबियां सौंपीं। स्वरोजगार, स्वास्थ्य, कृषि और आवास योजनाओं के लाभार्थियों को मिली सौगात।
Ambedkar Nagar News (Image Credit-Newstrack)
लखनऊ, 7 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अम्बेडकरनगर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और आवास की सांकेतिक चाबियां सौंपकर लाभान्वित किया। मुख्यमंत्री के हाथों योजनाओं का लाभ मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिला समूहों की लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही स्वरोजगार, स्वास्थ्य, आवास, कृषि और कृषक दुर्घटना कल्याण सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं।
कॉक्लियर इम्प्लांट के लिए 5.75-5.75 लाख रुपये की सहायता
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आकृति राव और उत्कर्ष तिवारी को कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए 5.75-5.75 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से हृदय रोग का उपचार कराने वाली अंशी और जूही को भी आर्थिक सहायता के चेक दिए गए।
युवा उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए मिली मदद
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रमोद कुमार गुप्ता को फ्लोर मिल स्थापित करने और आरुषि यादव को ब्यूटी पार्लर के लिए पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत रीता देवी को कपड़ा व्यवसाय के लिए 48 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का चेक दिया गया।
कृषि क्षेत्र में भी लाभार्थियों को मिली सौगात
कृषि विभाग की ओर से वंदना पटेल को ‘ड्रोन दीदी’ का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं, कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत सदस्य कृषक अभिषेक तिवारी को कृषि उपकरण के लिए सांकेतिक चाबी सौंपी गई।
आवास योजना के लाभार्थियों को मिली घर की चाबी
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत रीना सोनी, मीरा देवी और कल्पनाथ को नए घर में गृह प्रवेश के लिए सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री के हाथों आवास की चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत उर्मिला और यमुरता देवी को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।
वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ऊषा मौर्य को 469.50 लाख रुपये और उमा सिंह को 86.40 लाख रुपये का आरएफ (रिवॉल्विंग फंड) चेक प्रदान किया गया।
मेधावी छात्रों का भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। छात्र प्रियांशु चौरसिया को सम्मान प्रदान किया गया, जबकि छात्र ध्रुव प्रताप सिंह की ओर से उनकी माता रंजना सिंह ने सम्मान ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक सहयोग मिले।


