Amethi News: खेत की सुरक्षा बनी काल, झटका मशीन के करंट से दो किसानों की दर्दनाक मौत

Amethi News: अमेठी में खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन दो किसानों के लिए काल साबित हुई। करंट की चपेट में आने से दोनों किसानों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 19 Jun 2026 12:53 PM IST
Amethi News
X

Amethi News(Photo-Social Media)

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई जाने वाली झटका मशीन एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरपालपुर गांव में झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार सुबह दोनों के शव खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रात में रखवाली के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हरपालपुर गांव निवासी रामबोध यादव (58 वर्ष) और हीरालाल (50 वर्ष) गुरुवार की रात अपने खेतों की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान वे आवारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए लगाई गई झटका मशीन के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो दोनों को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जगदीशपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में कोहराम, क्षेत्र में चिंता

एक ही गांव के दो किसानों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिले में आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रही झटका मशीनें अब मासूमों और किसानों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं, जो कि एक गंभीर चिंता का विषय है।

पुलिस का बयान

मामले की जानकारी देते हुए जगदीशपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र यादव ने बताया: मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Surya Bhan Dwivedi
ABOUT THE AUTHOR

Surya Bhan Dwivedi

Next Story