TRENDING TAGS :
Amethi News: अमेठी हाईवे हादसा: दो युवकों की मौत, 12 घंटे बाद भी टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग नहीं
Amethi News: अमेठी के लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के 12 घंटे बाद भी वाहन का सुराग नहीं मिला है।
Amethi News
Amethi News: अमेठी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दोनों युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के करीब 12 घंटे बाद भी अज्ञात वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस के अनुसार, जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर आगे बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहित उर्फ खुनखुन (25) पुत्र रामलाल पासी, निवासी ग्राम जमुआ, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी और बृजेश (22) पुत्र भोदू पासी, निवासी ग्राम अटहरा, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है।दोनों युवक बाइक से बाराबंकी से प्रतापगढ़ जा रहे थे। वे प्रतापगढ़ में एक मुर्गी फार्म पर काम करते थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, अब तक वाहन का सुराग नहीं मिलने से जांच की प्रगति पर सवाल उठ रहे हैं।
भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजेंद्र पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। CCTV कैमरों की फुटेज के माध्यम से हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


