TRENDING TAGS :
Amethi News: अमेठी में मुकेशानंद महाराज बोले, मोबाइल की लत से कमजोर हो रहे पारिवारिक रिश्ते
Amethi News: अमेठी के पता पुर गांव में भागवत कथा के दौरान कथावाचक मुकेशानंद महाराज ने मोबाइल की बढ़ती लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से पति-पत्नी और परिवारों के बीच आपसी संवाद व प्रेम कम हो रहा है।
Amethi News
Amethi News: आधुनिक जीवनशैली में मोबाइल फोन का बढ़ता इस्तेमाल अब पारिवारिक रिश्तों और आपसी संवाद को प्रभावित कर रहा है। एक ही घर में रहने वाले परिवार के सदस्य एक-दूसरे को समय देने के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। यह बात प्रसिद्ध कथावाचक मुकेशानंद महाराज ने मंगलवार को अमेठी में आयोजित भागवत कथा के दौरान मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने युवाओं से मोबाइल की लत से दूर रहकर ज्ञान, धर्म और आध्यात्मिकता से जुड़ने की अपील की।
मुकेशानंद महाराज ने कहा कि मोबाइल धीरे-धीरे नशे का रूप लेता जा रहा है। आज स्थिति यह है कि एक ही बिस्तर पर बैठे पति-पत्नी भी अपने-अपने मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। इससे परिवारों में आपसी बातचीत, प्रेम और अपनापन कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल देने के साथ-साथ माता-पिता को यह भी तय करना चाहिए कि उन्हें कितना समय और कितना प्यार देना है।उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर ज्ञान रूपी वेद को अपने हाथों में लेना चाहिए। देश के संतों और महापुरुषों ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर ज्ञान और संस्कारों के मार्ग पर चलना चाहिए।
समाज में बढ़ते पारिवारिक विवाद और तलाक के मामलों पर उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं और संस्कारों को जीवन में अपनाने से रिश्तों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने माता सीता का उदाहरण देते हुए कहा कि सोने की लंका में रहने के बावजूद उन्होंने अपने आदर्शों और मर्यादा से समझौता नहीं किया।महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराएं हमारे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहना चाहिए तथा आने वाली पीढ़ियों तक इन्हें पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।अमेठी के पता पुर गांव में आयोजित भागवत कथा के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मुकेशानंद महाराज ने युवाओं और परिवारों को यह संदेश दिया।


