TRENDING TAGS :
Amethi News: अमेठी पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह सफल, चार अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, सात बाइक बरामद
Amethi News: अमेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सात चोरी की बाइक बरामद कीं।
Amethi News(Photo-Social Media)
Amethi News: अमेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वाहन चोरी के एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अमेठी और प्रतापगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से रेकी कर बाइक चोरी करने और उनके पुर्जे अलग-अलग बेचने का खुलासा किया है। पकड़े गए चोरों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि अमेठी पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिल पर सवार चार अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग मिलकर रेकी करके मोटरसाइकिलें चोरी करते है। अपने साथी मोटरसाइकिल मिस्त्री धर्मेन्द्र की सहायता से मोटरसाइकिलों को सूनसान स्थान पर ले जाकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर भिन्न-भिन्न स्थानों पर ले जाकर बेंच देते है । इन तीनों मोटरसाइकिलों के आलवा चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें तथा उनके पुर्जे बेनीपुर नहर के किनारे स्थित एक खण्डहर में छिपाकर रखें है ।
मोटर साइकिल के पुर्जे भी हुए बरामद
अभियुक्तों की निशानदेही पर बेनीपुर नहर के पास खण्डर से दो मोटरसाइकिलें व दो मोटरसाइकिलों के पुर्जे बरामद हुए । बरामद मोटरसाइकिल अपाचे संख्या यूपी 36 ई 4861 को एक सप्ताह पूर्व कस्बा अमेठी से, मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेण्डर संख्या यूपी 36 क्यू 3046 को 10-11 दिन पूर्व बारामासी गौरीगंज रोड से, आपचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 72 बीयू 2949 को लगभग 7-8 माह पूर्व चंद्रिकन धाम जनपद प्रतापगढ़ से चोरी करना बताया ।
खंडहर से बरामद हुई गाड़िया
इसके अतिरिक्त खण्डहर से बरामद मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स संख्या यूपी 72 एके 0761 के बारे में कस्बा रानीगंज जनपद प्रतापगढ़ से चोरी करना बताया। शेष अन्य मोटरसाइकिलें बजाज प्लेटिना व हीरो एचएफ डीलक्स व अन्य बरामद पुर्जों को बहुत पहले चोरी किये थे।जिनके बारे में नहीं बता पाये । थानाक्षेत्र अमेठी से चोरी हुई मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना अमेठी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।
पुलिस ने आगे बताया कि अभियुक्तगण संगठित रूप से समान आशय के साथ विभिन्न जनपदों के भिन्न-भिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलों की चोरी करके उनके कलपुर्जे अलग-अलग करके विक्रय करने के अभ्यस्त अपराधी हैं। बरामदगी के आधार पर पंजीकृत अभियोगों में धारा 317(2), 317(4), 3(5) बी0एन0एस0 की बढ़ोत्तरी कर थाना अमेठी पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
प्रताप गढ़ के रहने वाले है बाइक चोर
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वीरेन्द्र वर्मा पुत्र महेन्द्र वर्मा निवासी धनीपुर रेणवीर थाना कोतवाली देहात जनपद प्रतापगढ़, साहिल सरोज पुत्र राम करन सरोज निवासी धनीपुर थाना कोतवाली देहात जनपद प्रतापगढ़, धीरज वर्मा पुत्र हरिकेश वर्मा निवासी पसिया की बाग, कोडरा माधूपुर थाना लीलापुर जनपद प्रतापगढ़,धर्मेन्द्र कुमार वर्मा पुत्र वंशीलाल निवासी कोलगढ़ा थाना अंतू जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
अभियुक्तों का है लंबा इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों का लम्बा अपराधिक इतिहास भी है।अभियुक्त साहिल सरोज के खिलाफ प्रताप गढ़ जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त धर्मेन्द्र कुमार वर्मा और अभियुक्त धीरज वर्मा के खिलाफ भी कई मामले दर्ज है।पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि उक्त सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई । सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


