Amethi News: मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे, समय रहते टला बड़ा रेल हादसा

Amethi News: अमेठी के सिंदुरवा स्टेशन के पास इंडोरामा साइडिंग पर मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे, मेन ट्रैक सुरक्षित, बहाली कार्य जारी।

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 25 July 2026 8:47 AM IST
Amethi News: मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे, समय रहते टला बड़ा रेल हादसा
X

Amethi News

Amethi News: अमेठी में लखनऊ–वाराणसी रेलखंड पर शनिवार सुबह सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास इंडोरामा उर्वरक इकाई की साइडिंग पर उर्वरक कारखाने जा रही मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर गए। यह हादसा सुबह पांच बजे के आस पास हुआ। राहत की बात रही कि वैगन पलटे नहीं और बड़ा रेल हादसा टल गया। सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रभावित हिस्से की घेराबंदी कर ट्रैक बहाली का काम शुरू कराया गया।

जिले के लखनऊ वाराणसी रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते होते टल गया। जहां एक मालगाड़ी इंडोरामा उर्वरक इकाई में खाद की लोडिंग के लिए साइडिंग ट्रैक से गुजर रही थी। सिंदुरवा के पास अचानक उसके सात वैगन पटरी से उतर गए। चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे स्थिति और गंभीर नहीं हुई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।जबकि साइडिंग ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते इंडोरामा उर्वरक इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग फिलहाल प्रभावित हो गई है।हादसे की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।हादसे की जांच की जा रही है।

आरपीएफ निहालगढ़ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि घटना इंडोरामा फैक्ट्री को जाने वाले यूआरएल (साइडिंग) ट्रैक पर हुई है। वहीं सिंदुरवा स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने भी घटना की पुष्टि की। रेलवे की तकनीकी टीम पटरी से उतरे वैगनों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक सुरक्षित होने के बाद ही साइडिंग पर मालगाड़ियों का संचालन फिर शुरू किया जाएगा।

Surya Bhan Dwivedi
ABOUT THE AUTHOR

Surya Bhan Dwivedi

वरिष्ठ संवाददाता, अमेठीAmethiSuryaBhanDwivedi@newstrack.vocalwire.com
Next Story