Amethi News: किसान सम्मान निधि को लेकर लापरवाही, फार्मर रजिस्ट्री की खराब प्रगति पर CDO सख्त

Amethi News: फार्मर रजिस्ट्री में खराब प्रगति पर CDO सख्त, जिला कृषि अधिकारी व उप कृषि निदेशक का वेतन रोका, विशेष अभियान के निर्देश

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 16 Jan 2026 10:21 PM IST
CDO Sakht on negligence over Kisan Samman Nidhi, poor progress of Farmer Registry
X

किसान सम्मान निधि को लेकर लापरवाही, फार्मर रजिस्ट्री की खराब प्रगति पर CDO सख्त (Photo- Newstrack)

Amethi News: अमेठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना किसान सम्मान निधि से जुड़ी फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जनपद अमेठी की स्थिति प्रदेश स्तर पर बेहद खराब पाई गई है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सीडीओ ने जिला कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक का वेतन पर लक्ष्य पूरा होने तक रोक लगा दिया है।

सीडीओ के अनुसार, फार्मर रजिस्ट्री भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। बावजूद इसके अमेठी जिले में संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। 14 जनवरी को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अमेठी की प्रगति प्रदेश में अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। जिस पर कड़ी नाराजगी जताई गई।

सीडीओ ने बताया कि जनपद अमेठी में फार्मर रजिस्ट्री का कुल लक्ष्य 3,18,853 कृषकों का है।जिसके सापेक्ष अब तक मात्र 1,87,913 किसानों का ही पंजीकरण हो सका है। करीब 1,30,940 किसान अब भी पंजीकरण से वंचित हैं। जो गंभीर चिंता का विषय है।

इस लापरवाही को लेकर सीडीओ ने जिला कृषि अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक का जनवरी 2026 का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए हैं। स्पष्ट किया गया है कि जब तक शेष लक्ष्य पूर्ण नहीं किया जाता, तब तक वेतन अवरुद्ध रहेगा।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल विशेष अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने, साथ ही दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी आवश्यकता पड़ी तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story