Amethi News: रामलीला समिति की पहल, 9 बेटियों को 1.51 लाख की मदद

Amethi News: अमेठी में रामलीला समिति ने तीन वर्षों में 128 कन्याओं के विवाह में सहयोग किया। इस बार माता-पिता को खो चुकी 9 बेटियों को 1.51-1.51 लाख रुपये की सहायता दी।

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 19 Oct 2026 10:54 PM IST
Ramlila Samiti initiative, 9 daughters receive Rs 1.51 lakh
X

रामलीला समिति की पहल, 9 बेटियों को 1.51 लाख की मदद (Photo- Newstrack)

Amethi News: अमेठी में रामलीला समिति धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की भी पहल कर रही है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर समिति की ओर से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक मदद दी जा रही है। समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने पिछले तीन वर्षों से इस पहल को जारी रखा है। इस बार माता-पिता को खो चुकी नौ कन्याओं को विवाह के लिए 1.51-1.51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

तीन साल में 128 कन्याओं के विवाह में सहयोग का दावा

रामलीला समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि अमेठी की जनता के संस्कार और आशीर्वाद से भव्य रामलीला के साथ सामाजिक सरोकारों को भी जोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करने की शुरुआत तीन वर्ष पहले हुई थी। तब से यह सिलसिला लगातार जारी है। समिति के अनुसार, अब तक 128 कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

राजेश अग्रहरि ने दूसरी रामलीला और पूजा पंडाल समितियों से भी अपील की कि वे अपने उत्सव के कुल खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए निर्धारित करें, ताकि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे लोगों को सहारा मिल सके।

अपर्णा यादव ने पहल की सराहना की

कार्यक्रम में महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी मौजूद रहीं। उन्होंने माता-पिता को खो चुकी कन्याओं को विवाह के लिए आर्थिक सहायता देने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी बेटियों का विवाह कराने और उनकी आर्थिक मदद करने से उनका जीवन संवारने में सहयोग मिलता है। समाज के दूसरे लोगों को भी इससे प्रेरणा लेकर जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।


महिलाओं के प्रति गलत नजरिया रखने वालों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को अपने गलत काम छोड़कर भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष के सवालों पर अपर्णा यादव ने कहा कि चुनाव आयोग एक बड़ा संवैधानिक संस्थान है और सभी को उसका सम्मान करना चाहिए।


शारदीय नवरात्र में हो रहा रामलीला का मंचन

अमेठी में शारदीय नवरात्र के अवसर पर रामलीला का ऐतिहासिक मंचन किया जा रहा है। इसे देखने के लिए इलाके से हजारों लोग पहुंच रहे हैं। आयोजन में नामचीन कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। हनुमान के किरदार में कलाकार गौतम तिवारी भी मंचन कर रहे हैं। धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंद बेटियों की मदद की यह पहल रामलीला आयोजन को सामाजिक सहयोग से जोड़ रही है।

Surya Bhan Dwivedi
ABOUT THE AUTHOR

Surya Bhan Dwivedi

वरिष्ठ संवाददाता, अमेठीAmethiSuryaBhanDwivedi@newstrack.vocalwire.com
Next Story