TRENDING TAGS :
Atiq Ahmed के बेटे अबान का जनाजा आज, आखिरी दीदार के लिए लखनऊ जेल से बाहर निकला भाई उमर
अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद का आज प्रयागराज में जनाजा होगा। भाई उमर और अली को हाई कोर्ट से पैरोल मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 23 चोटों और ब्रेन हेमरेज का खुलासा हुआ है।
Atiq Ahmed Son Aban Funeral Today: माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद का शनिवार को प्रयागराज में जनाजा निकाला जाएगा। अबान को अंतिम विदाई देने के लिए उसके भाई मोहम्मद उमर और अली अहमद को जेल से पैरोल पर बाहर आने की अनुमति मिली है। दोनों भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं।
लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच बंदी वाहन से प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। वहीं, झांसी जेल में बंद अली अहमद को भी जनाजे में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
हाई कोर्ट ने दी सीमित अवधि की पैरोल
अबान के जनाजे में दोनों भाइयों को शामिल कराने के लिए उनकी बुआ परवीन कुरैशी की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। शुक्रवार को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद सामंत की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की।
अदालत ने उमर और अली को 8 अगस्त की रात 8 बजे तक पैरोल की अनुमति दी है। पैरोल के दौरान दोनों पर कई शर्तें भी लागू रहेंगी। इनमें प्रमुख शर्त यह है कि वे मीडिया से किसी तरह की बातचीत नहीं करेंगे।
भाइयों के इंतजार में नहीं दफनाया गया अबान
अबान अहमद की मौत के बाद उसका शव अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज लाया गया था। परिवार ने कब्र पहले ही तैयार कर ली थी, लेकिन दोनों भाइयों के पहुंचने का इंतजार किया गया। इसी वजह से शुक्रवार को अबान को सुपुर्द-ए-खाक नहीं किया गया।
अब अली और उमर के प्रयागराज पहुंचने के बाद अबान का जनाजा निकाला जाएगा और शनिवार शाम तक उसे सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की तैयारी है।
मां शाइस्ता परवीन का अभी भी इंतजार
अबान की मां शाइस्ता परवीन लंबे समय से फरार चल रही हैं। ऐसे में परिवार के सामने अब यह सवाल भी है कि क्या वह बेटे के जनाजे में शामिल हो पाएंगी। फिलहाल उनके आने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 23 चोटों का जिक्र
अबान की मौत के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कुल 23 चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचा था।
रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट, ब्रेन हेमरेज और इंटरनल इंजरी का भी उल्लेख किया गया है। मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।


