TRENDING TAGS :
अतीक के बेटे उमर-अली की जुबान पर HC का ताला, अबान के जनाजे में सिर्फ इन 3 लोगों से बात करने की इजाजत
Atiq Ahmed Son Aban Funeral Today: अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए उमर और अली को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सशर्त पैरोल दी है। अदालत ने पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान दोनों पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।
Atiq Ahmed Son Aban Funeral Today: झांसी जिले में बृहस्पतिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की जान चली गई। 21 साल का अबान अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई से मुलाकात करने जा रहा था। इसी दौरान पुंछ थाना क्षेत्र के पास झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी तेज रफ्तार एसयूवी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अबान और 25 साल के सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में मौजूद 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाहाबाद HC ने दोनों बड़े भाइयों की पैरोल की मंजूर
अबान के जनाजे और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद अतीक के दो बड़े बेटों, मोहम्मद उमर और अली अहमद को अदालत से सशर्त राहत मिल गई है। अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी द्वारा दाखिल की गई याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भानोट और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की दो सदस्यीय पीठ ने शुक्रवार को दोनों भाइयों की पैरोल अर्जी स्वीकार कर ली। वर्तमान में अली अहमद झांसी जेल में और मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में बंद हैं।
केवल 3 लोगों से ही कर सकेंगे बात
हाईकोर्ट ने दोनों भाइयों की पैरोल के लिए बेहद कड़ी शर्तें लागू की हैं। अदालत ने साफ आदेश दिया है कि पुलिस अभिरक्षा में जनाजे में शामिल होने के दौरान उमर और अली किसी भी आम इंसान या मीडियाकर्मी से बातचीत नहीं करेंगे। वे किसी जनसभा या सोशल मीडिया पर भी कोई संदेश जारी नहीं कर सकते। दोनों भाइयों को अंतिम संस्कार करा रहे धार्मिक गुरु, अपनी बुआ परवीन कुरैशी और अपने भाई अहजम अहमद के अलावा किसी चौथे व्यक्ति से बात करने की सख्त मनाही होगी।
सीधे कब्रिस्तान ले जाएगी पुलिस
अदालत के सख्त दिशा-निर्देशों के मुताबिक, लखनऊ और झांसी जेल से पुलिस की कड़ी निगरानी में दोनों भाइयों को सीधे प्रयागराज स्थित कसारी-मसारी कब्रिस्तान लाया जाएगा। वहां परिवार के 4 सदस्यों की मौजूदगी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें तुरंत दोबारा अपनी-अपनी जेलों में पहुंचा दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के दौरान दोनों को पुलिस-प्रशासन के हर निर्देश का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
अतीक और असद के पास बनेगी अबान की कब्र
हादसे के बाद देर रात परिजनों द्वारा अबान के पार्थिव शरीर को प्रयागराज लाया गया। शुक्रवार की सुबह उसका शव हटवा गांव स्थित बुआ परवीन कुरैशी के आवास पर पहुंचा। अबान को सुपुर्दे-खाक करने के लिए कसारी-मसारी कब्रिस्तान में कब्र तैयार कर ली गई है। गौरतलब है कि इसी कब्रिस्तान में पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और अप्रैल 2023 में एनकाउंटर में मारे गए बेटे असद की कब्रें भी मौजूद हैं।


