Auraiya News: अग्निवीर भर्ती में चयनित युवक की जॉइनिंग से चार दिन पहले मौत

Auraiya News: औरैया में अग्निवीर एयरफोर्स के लिए चयनित युवक का प्रशिक्षण शुरू होने से चार दिन पहले सड़क हादसे में निधन हो गया, पिता और बहन उपचाराधीन हैं।

Ashraf Ansari
Published on: 24 Jun 2026 1:33 PM IST
Youth selected for Agniveer recruitment dies four days before joining
X

अग्निवीर भर्ती में चयनित युवक की जॉइनिंग से चार दिन पहले मौत (मृतक की फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। अग्निवीर भर्ती में चयनित 20 वर्षीय युवक रामजी की जॉइनिंग से महज चार दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उसके पिता और बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

अग्निवीर एयरफोर्स भर्ती में चयनित हुए थे

जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रामजी हाल ही में अग्निवीर एयरफोर्स भर्ती में चयनित हुए थे। उनका प्रशिक्षण 27 जून से बेंगलुरु में शुरू होना था। परिवार के अनुसार, बुधवार शाम उन्हें ग्वालियर से बेंगलुरु के लिए रवाना होना था और ट्रेन का आरक्षण भी हो चुका था। बेटे के चयन से परिवार बेहद खुश था और उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहा था।

बताया गया कि रामजी अपनी बहन कुसमा और पिता श्याम सिंह के साथ बहन की तबीयत खराब होने पर झाड़-फूंक कराने छछूंद गांव गए थे। वहां से वापस लौटते समय अच्छल्दा-फफूंद मार्ग पर अमेला बाबा के पास उनकी बाइक को अमूल दूध लदी एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और बहन बाइक से उछलकर दूर जा गिरे, जबकि रामजी बाइक समेत करीब 15 से 20 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता व बहन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक की मां सारिका देवी बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। उन्होंने बताया कि पूरे परिवार को रामजी के अग्निवीर में चयन पर गर्व था, लेकिन इस हादसे ने उनकी सारी खुशियां छीन लीं। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story