TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में 17 मई को होगा अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद का प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन
Auraiya News: औरैया में 17 मई को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद का प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।
Auraiya News: औरैया में आगामी 17 मई, रविवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद द्वारा एक भव्य प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से श्री गोपाल वाटिका आश्रम में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश और देश स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद और राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी। परिषद द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को लेकर वैश्य समाज में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमन्त गुप्ता के सानिध्य में संपन्न होगा। वहीं, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करना है। इसके साथ ही समाज के बुजुर्गों, वृद्ध महिलाओं, नगर पालिका परिषद औरैया के सभासदों, पत्रकारों तथा प्रमुख समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सम्मेलन को लेकर परिषद के पदाधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को फूलगंज, बताशा मंडी और दिबियापुर रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर वैश्य समाज के लोगों को परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। जनसंपर्क टीम ने लोगों को कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए निमंत्रण पत्र भी वितरित किए।परिषद के जिला प्रभारी आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि सम्मेलन से पूर्व जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करेगा।जनसंपर्क अभियान में जिलाध्यक्ष विपिन कुमार पोरवाल (बंटू), प्रदेश सचिव शिक्षक अनुप गुप्ता, जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, भाजपा नेता कपिल गुप्ता, और विनोद पोरवाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


