TRENDING TAGS :
Auraiya News: ड्यूटी पर जा रहे नगर पंचायत के कूड़ा वाहन चालक की सड़क हादसे में मौत, शोक में परिजन
Auraiya News: औरैया के अजीतमल में ड्यूटी पर जाते समय कूड़ा वाहन चालक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों ने समय पर एंबुलेंस न मिलने का आरोप लगाया।
ड्यूटी पर जा रहे नगर पंचायत के कूड़ा वाहन चालक की सड़क हादसे में मौत, शोक में परिजन (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर पंचायत आटसू के कूड़ा वाहन चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण युवक को बेहतर इलाज नहीं मिल सका और उसने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान रामनगर आटसू निवासी 22 वर्षीय अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय लाखन सिंह विश्वकर्मा के रूप में हुई है। अजय नगर पंचायत आटसू में आउटसोर्स के माध्यम से कूड़ा वाहन चालक के पद पर कार्यरत था। बताया गया कि उसने करीब एक माह पहले ही नौकरी जॉइन की थी और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे अजय बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहा था। जैसे ही वह महाराजपुर मंदिर के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुबह करीब 8:25 बजे उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मृतक की मां शशि देवी का आरोप है कि वह सुबह करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचीं और बेटे को जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और बेहतर इलाज मिल जाता तो शायद अजय की जान बचाई जा सकती थी।
अजय अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था
अजय अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। परिवार में मां शशि देवी, दो भाई राजू और रवि तथा तीन विवाहित बहनें हैं। दोनों भाई बाहर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली अजीतमल प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएचसी अजीतमल के अधीक्षक डॉ. अशोक राय ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।


