Auraiya News: 50 किसानों का दल जोधपुर रवाना, वैज्ञानिक खेती और पोषक अनाजों की उन्नत तकनीक सीखेंगे

Auraiya News: औरैया से 50 किसानों का दल जोधपुर रवाना हुआ। किसान वैज्ञानिक खेती और पोषक अनाजों की उन्नत तकनीक सीखेंगे।

Ashraf Ansari
Published on: 16 Sept 2026 11:56 AM IST
Auraiya News
X

Auraiya News(Photo-Social Media)

Auraiya News: औरैया से बुधवार को 50 किसानों का दल पांच दिवसीय शैक्षणिक दौरे के लिए केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (CAZRI), जोधपुर के लिए रवाना हुआ। यह दौरा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण न्यूट्रीसीरियल घटक योजना 2026-27 के तहत आयोजित जागरूकता अभियान का हिस्सा है। किसानों को बस के माध्यम से जोधपुर ले जाया गया है, जहां वे कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

किसानों के दल को जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे और भाजपा किसान नेता अनुराग दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक दौरों से किसानों को वैज्ञानिक खेती और पोषक अनाजों की उन्नत तकनीकों को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में वृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। भाजपा किसान नेता अनुराग दीक्षित ने किसानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जोधपुर का यह दौरा किसानों के कृषि कौशल को नई दिशा देने में मदद करेगा। किसानों को शुष्क क्षेत्रों में खेती के लिए अपनाई जा रही तकनीकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी भी मिलेगी।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान किसान CAZRI में पोषक अनाजों की खेती, शुष्क क्षेत्रों में कृषि प्रबंधन, आधुनिक कृषि तकनीक और वैज्ञानिक खेती के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेंगे। कृषि विशेषज्ञ किसानों को खेती में नई तकनीकों के इस्तेमाल, फसल उत्पादन बढ़ाने और पोषक अनाजों को बढ़ावा देने से जुड़ी जानकारी देंगे। यह शैक्षणिक दौरा 15 सितंबर से शुरू होकर 19 सितंबर 2026 तक चलेगा। पांच दिनों के दौरान किसानों को कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। अभियान का उद्देश्य किसानों को खेती के वैज्ञानिक और व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ना तथा आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।

किसानों को रवाना करने के दौरान जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश सिंह राजावत, महावीर प्रसाद राठौर, ऊमा सिंह राजपूत और अनिल कुमार शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कृषि विभाग के जिला सलाहकार विवेक त्रिवेदी के साथ आलोक कुमार शुक्ला, रमाकांत, बृजमोहन, रणवीर, विनय सिंह, हरीशंकर, दीप चंद, अशोक कुमार, पवन दुबे और कमलेश समेत अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story