Auraiya News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें पहुंचीं, नगर पंचायत की समस्याओं का रहा दबदबा

Auraiya News: औरैया के अजीतमल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें दर्ज हुईं। नगर पंचायत की अव्यवस्थाओं, पेयजल, जलनिकासी, सड़क, सफाई और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का दबदबा रहा।

Ashraf Ansari
Published on: 6 July 2026 9:24 PM IST
Auraiya News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें पहुंचीं, नगर पंचायत की समस्याओं का रहा दबदबा
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया जिले की अजीतमल तहसील में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान कुल 203 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें नगर पंचायत क्षेत्र की अव्यवस्थाओं से जुड़ी रहीं। फरियादियों ने भ्रष्टाचार, अधूरे और घटिया निर्माण कार्य, पेयजल संकट, नाला एवं सड़क निर्माण में अनियमितताओं, जल निकासी की खराब व्यवस्था तथा सफाई व्यवस्था की बदहाली जैसे गंभीर मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे। कई लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे आमजन को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में कई व्यक्तिगत शिकायतें भी सामने आईं। राजीव नगर के निवासियों ने जलभराव की समस्या उठाई।

अनंतराम निवासी तैयब ने आवास निर्माण में मनरेगा मजदूरी का भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा पंचायत सहायकों ने क्रॉप सर्वे का कार्य पूरा करने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने का मुद्दा अधिकारियों के समक्ष रखा।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी अजीतमल अमित कुमार तिवारी सहित राजस्व, पुलिस, नगर पंचायत, विकास, विद्युत, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस के समापन पर अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। उपजिलाधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि नगर पंचायत से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और उनका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story