TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर तिरंगा यात्रा, सैकड़ों कर्मचारियों ने उठाई आवाज
Auraiya News: औरैया में अटेवा के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। जिला मुख्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को ऑल टीचर्स एंड एम्प्लॉई वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में जिले के विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। तिरंगा यात्रा शुक्रवार दोपहर बिधूना से शुरू हुई। सहार और दिबियापुर होते हुए यात्रा ककोर पहुंची।
इसके बाद अजीतमल, अछल्दा, औरैया, फफूंद और दिबियापुर समेत जिले के विभिन्न स्थानों से कर्मचारी यात्रा में शामिल होते गए। शाम करीब पांच बजे यात्रा जिला मुख्यालय पहुंची। यहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार को सौंपा।यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने ‘राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद’, ‘कर्मचारी एकता जिंदाबाद’ और ‘पुरानी पेंशन लागू करो’ जैसे नारे लगाए। अटेवा जिलाध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि नई पेंशन योजना कर्मचारियों और सरकार दोनों के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल करने की मांग की। साथ ही पहले से नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता को गलत बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग उठाई।
अटेवा महामंत्री महेश्वरी प्रसाद ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। इसे बहाल कराने के लिए कर्मचारी एकजुट होकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया है। संगठन की ओर से आगामी 25 सितंबर को लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें औरैया से भी सैकड़ों कर्मचारी शामिल होंगे।तिरंगा यात्रा में नितेन्द्र सेंगर, देवेन्द्र कुमार, रजनीश कुमार, राशिद सिद्दीकी, अमर सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, निर्भय पटेल, तरुण, केके गौतम, इंद्रजीत, प्रवीण कुमार, विशाल गौतम, सुभाष, केशव यादव, मुर्शिद सिद्दीकी, भरत कुमार, दीप नारायण, ममता, ज्योति, सीमा पाल, नीतू कटियार, अमित पाल, हरिओम, गोपाल जी दुबे, गौरव सक्सेना और राघवराम समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


