Auraiya News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार; दो की मौत, तीन घायल

Auraiya News: औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में घुसी, हादसे में दो लोगों की मौत और तीन घायल हुए।

Ashraf Ansari
Published on: 8 Aug 2026 1:16 PM IST
Auraiya News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार; दो की मौत, तीन घायल
X

Auraiya Bundelkhand Expressway Accident News

Auraiya News: औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अछल्दा थाना क्षेत्र के ईटैली चौकी अंतर्गत किलोमीटर संख्या 277.9 पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूपी 75 एए 0023 में पांच लोग सवार थे। सभी यात्री झांसी से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे में मोहम्मद जमाल (50) और शकीला बानो (62) की मौत हो गई। वहीं मोहम्मद फिरोज (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रेहाना बानो (45) और आठ वर्षीय ताहिरा बानो को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। सभी यात्री झांसी के उन्नाव गेट चौकी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस, यूपीडा अधिकारी, कुदरकोट थाना प्रभारी और ईटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया।सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहम्मद जमाल और शकीला बानो को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल मोहम्मद फिरोज का उपचार जारी है। यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से किस परिस्थिति में टकराई।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story