Auraiya News: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त,डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

Auraiya News: औरैया में जिलाधिकारी बुजेश कुमार की अध्यक्षता में एनसीओआरडी समिति की बैठक हुई, जिसमें मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Ashraf Ansari
Published on: 22 May 2026 8:18 PM IST
Auraiya News: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त,डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
X

Auraiya News: औरैया जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी बुजेश कुमार ने एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में गांजा, डोडा, स्मैक, चरस, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध निष्कर्षण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त टीमों द्वारा लगातार अभियान चलाकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर स्थित संदिग्ध ढाबों, होटलों तथा जनपदीय सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। इसके अलावा नारकोटिक्स अपराधों की दृष्टि से संवेदनशील गांवों और संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।अधिकारियों ने जानकारी दी कि आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश प्रयागराज के निर्देश पर 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने अवैध मद्य निष्कर्षण, अवैध शराब निर्माण और बिक्री के अड्डों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। साथ ही अल्कोहल परिवहन के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से भी अभियान चलाकर मार्गों पर आकस्मिक जांच की गई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बैठक में बताया कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच और निरीक्षण किया जा रहा है। जीवन रक्षक श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय का पूरा रिकॉर्ड संकलित कर विभागीय स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों के समन्वय से समय-समय पर मेडिकल स्टोरों की जांच के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story