Auraiya News: आग में सब कुछ गंवाने वाले परिवार को मिला सहारा! सामाजिक संगठनों ने बढ़ाया मदद का हाथ

Auraiya News: औरैया के सैनिक कॉलोनी में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित दीपू पोरवाल के परिवार की सहायता के लिए कई सामाजिक संगठनों ने राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

Ashraf Ansari
Published on: 6 Jun 2026 10:11 PM IST
Auraiya News: आग में सब कुछ गंवाने वाले परिवार को मिला सहारा! सामाजिक संगठनों ने बढ़ाया मदद का हाथ
X

Auraiya News: औरैया में शहर की सैनिक कॉलोनी में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवार की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक और समाजसेवी संगठन आगे आए हैं। आग की इस घटना में एक परिवार का घर और घरेलू सामान जलकर राख हो गया था, जिससे परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए कई संगठनों ने राहत सामग्री उपलब्ध कराकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार सैनिक कॉलोनी निवासी दीपू पोरवाल के मकान में 2 मई की रात लगभग दो बजे शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई थी। मकान की चौथी मंजिल पर लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय दीपू पोरवाल अपनी वृद्ध माता सुशीला देवी और छोटे भाई संजीव पोरवाल के साथ रह रहे थे। आग में 60 वर्षीय सुशीला देवी गंभीर रूप से झुलस गई थीं, जबकि परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के कई दिन बाद तक उन्हें किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल सकी थी, जिससे परिवार काफी परेशान और असहाय महसूस कर रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर श्री पोरवाल सभा रजि. औरैया, अखिल भारतीय पुरवार पोरवाल महासभा तथा समाजसेवी संगठन ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ ने पीड़ित परिवार की मदद का निर्णय लिया।

इसी क्रम में 6 जून की शाम एक प्रतिनिधिमंडल सैनिक कॉलोनी पहुंचा और परिवार को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। प्रतिनिधिमंडल में श्री पोरवाल सभा के अध्यक्ष आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट, अखिल भारतीय पुरवार पोरवाल महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद गुप्ता डाबर, एक विचित्र पहल सेवा समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल रानू, भाजपा नगर महामंत्री कपिल गुप्ता तथा विपुल पोरवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संगठनों द्वारा परिवार को फोल्डिंग, चारपाई, गद्दा, तकिए, बेडशीट, दरी, बाल्टी, मग, गैस चूल्हा, रेगुलेटर, सीलिंग पंखा, इलेक्ट्रिक प्रेस और वाटर कूल जग जैसे घरेलू उपयोग के सामान दिए गए। इसके अलावा आटा, चावल, दाल, तेल, आलू, नमक, मसाले, चाय, बिस्कुट तथा कपड़ों सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी भेंट की गईं।

सामाजिक संगठनों की इस पहल की कॉलोनीवासियों ने सराहना की और इसे जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बताया। पीड़ित परिवार ने भी सहायता प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story