Auraiya News: खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो फफूंद लगे मोतीचूर लड्डू मौके पर नष्ट

Auraiya News: औरैया के बिधूना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर 20 किलो फफूंद लगे मोतीचूर के लड्डू नष्ट कराए। टीम ने दो निर्माण इकाइयों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

Ashraf Ansari
Published on: 8 Aug 2026 4:08 PM IST
Auraiya News: खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो फफूंद लगे मोतीचूर लड्डू मौके पर नष्ट
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया में त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित सामग्री की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर बिधूना तहसील क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने दो मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान एक इकाई में 20 किलो फफूंद लगे मोतीचूर के लड्डू मिले, जिन्हें टीम ने मौके पर गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले रामलीला मैदान स्थित मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई की जांच की। यहां भंडारित बूंदी और तैयार मोतीचूर के लड्डुओं के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने मोहल्ला किशोरगंज स्थित दूसरी निर्माण इकाई पर पहुंचकर जांच की और बूंदी व लड्डुओं के नमूने संग्रहित किए।किशोरगंज की इकाई में जांच के दौरान 20 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू फफूंद लगे पाए गए। टीम ने इन्हें खाने योग्य नहीं माना और मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान चंद्रपुर तिराहा पर ठेलों पर खुले में बिक रही रंगीन आलू फिंगर भी टीम ने नष्ट कराई। विक्रेताओं को भविष्य में खाद्य पदार्थों में अनुचित रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

विभाग की ओर से संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग के औरैया कार्यालय को दें। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story