TRENDING TAGS :
Auraiya News: ग्राम रोजगार सेवकों का 23 नवंबर तक कार्य बहिष्कार, 3 दिसंबर को विधानसभा घेराव का ऐलान
Auraiya News: औरैया में ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन 21 से 23 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का बहिष्कार करेगा।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मोर्चा ने 21 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का प्रदेशव्यापी बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही मांगों का समाधान नहीं होने पर 3 दिसंबर 2026 को लखनऊ में विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।मोर्चा की ओर से 19 नवंबर को ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर आंदोलन की जानकारी दी गई।
पत्र में कहा गया है कि 13 नवंबर को विभागीय अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में रोजगार सेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था। इस दौरान आश्वासन दिया गया था कि निर्धारित समय में मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।मोर्चा ने ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इसके अलावा विभाग से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने की मांग की गई है।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगों को लेकर अब आंदोलन तेज किया जाएगा। घोषित कार्यक्रम के तहत 21 से 23 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर सरकार और विभाग का ध्यान मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा।मोर्चा ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 3 दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। साथ ही प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है। पत्र पर प्रदेश संयोजक भूपेश कुमार सिंह और कुलदीप द्विवेदी के हस्ताक्षर हैं।


