TRENDING TAGS :
Auraiya News: भगवान जगन्नाथ की विशाल शोभायात्रा 16 जुलाई को, तैयारियों को लेकर हुई बैठक
Auraiya News: औरैया में भगवान जगन्नाथ की विशाल नगर भ्रमण शोभायात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए समिति की बैठक में तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में समाजसेवी संगठन 'एक विचित्र पहल सेवा समिति' और महिला शाखा 'तुलसी सखी ग्रुप' की संयुक्त बैठक क्रॉनिक अकादमी में आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा को सफल और आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने यात्रा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी पर विचार-विमर्श करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय कीं।
महिला शाखा की प्रभारी बबिता गुप्ता ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की विशाल शोभायात्रा 16 जुलाई, गुरुवार को दोपहर 2 बजे फूलमती मंदिर से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक धार्मिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकेंगे।कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा नगर महामंत्री कपिल गुप्ता, डॉ. अनुप बिश्नोई तथा पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हील) ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वागत स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समन्वय किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा फूलमती मंदिर से प्रारंभ होकर शहीद पार्क रोड, सुभाष चौक, संजय गेट, संकट मोचन मार्ग, लेडीज मार्केट, सदर बाजार और तहसील चौराहा होते हुए पुनः फूलमती मंदिर पहुंचेगी। समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। उन्होंने शहरवासियों, महिलाओं, युवाओं और सभी भक्तों से समय पर पहुंचकर यात्रा में शामिल होने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में सुनीता चौबे, अर्चना बिश्नोई, मंगला शुक्ला, पायल पोरवाल, प्रिया गुप्ता, दामिनी गुप्ता, मधु बिश्नोई, गुड्डन गुप्ता, सपना गुप्ता, माधुरी गुप्ता, मधु शर्मा, सुनीला गुप्ता, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्र, डॉ. शिव कुमार सोनी, शिक्षक अनुराग गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


