Auraiya News: किसान दिवस का आयोजन, किसानों को दी गई विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी

Auraiya News : औरैया किसान दिवस में किसानों को पशुपालन, सिंचाई, बीज और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

Ashraf Ansari
Published on: 17 Jun 2026 8:59 PM IST
Auraiya News: किसान दिवस का आयोजन, किसानों को दी गई विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी
X

Auraiya News

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस दौरान किसानों से कृषि, पशुपालन, सिंचाई, उर्वरक, बीज और विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की सभी योजनाएं किसानों को केंद्र में रखकर संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत दो दुधारू गायों (गिर, थारपारकर, हरियाणा एवं साहीवाल नस्ल) की खरीद पर कुल लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा हस्तचालित कटिया मशीन और टीनशेड निर्माण भी योजना में शामिल हैं। वहीं बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए पांच बकरी और एक बकरे की यूनिट पर 36 हजार रुपये तक का अनुदान सीधे लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा।

इच्छुक पशुपालक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।उद्यान विभाग के अधिकारियों ने किसानों को माइक्रो इरिगेशन योजना के बारे में जानकारी दी। इसके तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली पर लघु एवं सीमांत किसानों को 75 से 90 प्रतिशत तथा अन्य किसानों को 65 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर लागत का 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकारी कृषि बीज भंडारों पर धान, अरहर, उड़द, मूंग और तिल के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। वहीं रागी, सांवा, कोदो, ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज के बीज किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से किसान पंजीकरण संख्या के माध्यम से बीज बुकिंग कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर किसानों को जागरूक किया।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story