TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप
Auraiya News: औरैया के पट्टी ज्ञानी गांव में 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति पर मारपीट और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में बेला थाना क्षेत्र की याकूबपुर चौकी के अंतर्गत पट्टी ज्ञानी गांव में शुक्रवार शाम एक 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी औरैया अभिषेक भारती और सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत की पुत्री रेखा देवी की शादी वर्ष 2016 में कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अचनकापुर गांव निवासी प्रमोद कुमार राजपूत से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही रेखा अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार को उसका पति प्रमोद कुमार उससे मिलने मायके पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रमोद ने रेखा के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को शाम करीब पांच बजे दी गई।रेखा के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा कृष्णा करीब 10 वर्ष का है, जबकि दो अन्य बच्चों की उम्र लगभग सात और तीन वर्ष बताई गई है। रेखा की मां मैकेना देवी का निधन उसके बचपन में ही हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी औरैया अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


