TRENDING TAGS :
Auraiya News : औरैया में मेधावियों का सम्मान, 21-21 हजार व मेडल देकर बढ़ाया गया छात्रों का उत्साह
Auraiya News : औरैया में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, 21-21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया गया उत्साह।
Auraiya News
Auraiya News : मुख्यमंत्री लोक भवन सभागार, लखनऊ में आयोजित माध्यमिक शिक्षा विभाग के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण औरैया कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में देखा गया। इस अवसर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
समारोह में सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिलाधिकारी बुजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मोर्य तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में राज्य एवं जनपद स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल के 10 तथा इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा को केवल प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं बल्कि ज्ञान अर्जित करने के माध्यम के रूप में देखना चाहिए।
उन्होंने छात्रों से पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करने की सलाह दी, ताकि बच्चे अपनी समस्याओं और विचारों को खुलकर साझा कर सकें।जिलाधिकारी बुजेश कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पूरे समारोह में शिक्षा के महत्व, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।


