TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का लगाया आरोप
Auraiya News: औरैया जिला अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ड्यूटी स्टाफ पर समय पर इलाज न देने और लापरवाही का आरोप लगाया।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया जनपद के जिला अस्पताल में एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। महिला ने दो दिन पहले ही एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया था, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव उमरसाना की है। जानकारी के अनुसार, अखिलेश की पत्नी रुचि (25) को प्रसव पीड़ा होने पर 17 जून को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उन्होंने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे तथा गुरुवार देर रात तक रुचि की स्थिति सामान्य बनी हुई थी।परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब एक बजे रुचि की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। सहायता के लिए जब वे ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी के पास पहुंचे तो वह सो रहा था। आरोप है कि जगाने पर स्वास्थ्य कर्मी नाराज हो गया और तत्काल उपचार करने के बजाय परिजनों से बहस करने लगा।
परिजनों का दावा है कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण रुचि की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया गया। दोपहर बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।
इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे तक महिला की स्थिति सामान्य थी और उसके स्वास्थ्य में सुधार भी हो रहा था। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।वहीं, कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


