TRENDING TAGS :
Auraiya News: छत के छज्जे से सिर के बल गिरा एलएलबी छात्र, मौत से परिवार में मचा कोहराम
Auraiya News: औरैया के बिधूना में छत के छज्जे से नीचे गिरने से एलएलबी छात्र की दर्दनाक मौत। परिजनों में मचा कोहराम, गांव में छाया मातम।
Auraiya News: औरैया में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुरवा बड़े गांव में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसे में एलएलबी के छात्र की जान चली गई। छत पर सो रहा छात्र रात में टॉयलेट जाने के लिए उठा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छज्जे से सिर के बल नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुरवा बड़े गांव निवासी शिवम पुत्र महाराणा प्रताप एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात वह अपने घर की छत पर छज्जे के पास सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक उसकी नींद खुली। इसके बाद वह टॉयलेट जाने के लिए उठा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंधेरे में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छज्जे से सीधे नीचे सिर के बल गिर पड़ा। अचानक हुए हादसे में शिवम के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत नाजुक हो गई।
छात्र के नीचे गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। शिवम को गंभीर रूप से घायल देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना देर किए उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस सूचना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बाद परिवार के लोग शिवम का शव लेकर गांव लौट आए।
बताया गया कि शिवम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। वह एलएलबी की पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने में जुटा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
जवान बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


