TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में मिनी नन्दिनी योजना के 6 लाभार्थी चयनित, 11.80 लाख की मिलेगी सब्सिडी
Auraiya News: औरैया में मिनी नन्दिनी योजना के तहत 6 लाभार्थियों का चयन, डेयरी यूनिट के लिए 11.80 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए छह लाभार्थियों का चयन किया गया है। इनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। विकास भवन ककोर में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ई-लॉटरी के माध्यम से पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया। योजना के तहत चयनित प्रत्येक लाभार्थी को प्रदेश के बाहर से साहीवाल, गिर, थारपारकर और गंगातीरी जैसी स्वदेशी नस्लों की 10 गायें खरीदनी होंगी। एक यूनिट की कुल लागत 23.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें सरकार की ओर से लाभार्थी को 11.80 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की राशि आवश्यक मानकों और प्रक्रिया को पूरा करने के बाद सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे योजना में पारदर्शिता बनी रहेगी और सहायता राशि सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचेगी। अधिकारियों के अनुसार, मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए जिले में कुल 147 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच के बाद 103 आवेदन पात्र और उपयुक्त पाए गए। इन्हीं पात्र आवेदनों में से ई-लॉटरी के माध्यम से छह लाभार्थियों का चयन किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिनी नन्दिनी योजना से पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा मिलने से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। योजना के माध्यम से स्वदेशी नस्ल की गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी प्रयास किया जा रहा है।


